*स्थान- थाना सदर बाजार/कोतवाली जनपद शाहजहाँपुर*
*दिनाँक – 26.10.2025*
*श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय, शाहजहाँपुर द्वारा छठ पूजा एवं आगामी त्योहारों के दृष्टिगत थाना सदर बाजार/कोतवाली क्षेत्र में पैदल गश्त की गयी ।*
आज दिनांक 26.10.2025 को श्रीमान पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर एवं थाना सदर बाजार पुलिस व कोतवाली पुलिस बल के साथ थाना सदर बाजार/कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत मुख्य मार्गों एवं बाजार क्षेत्रों में पैदल गश्त की गई। यह गश्त छठ पूजा पर्व एवं आगामी त्योहारों के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा बाजारों में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से की गई।
*गश्त का उद्देश्य एवं निरीक्षण*
गश्त के दौरान श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा बाजार क्षेत्र, मुख्य मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले स्थलों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारी एवं कर्मचारीगण को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान नियमित रूप से पैदल गश्त, सतर्क निगरानी एवं संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही, व्यापारियों से वार्ता करते हुए महोदय ने उन्हें सतर्क रहने एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने आमजन से कहा कि पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है।
*श्रीमान पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर द्वारा कहा गया कि –*
“त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस की सक्रिय उपस्थिति से जनता में विश्वास और सुरक्षा की भावना सुदृढ़ होती है।” उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों में भीड़-भाड़ वाले स्थानों, धार्मिक स्थलों एवं बाजारों में गश्त, पेट्रोलिंग और ट्रैफिक नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाए।


