*प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना अन्तर्गत राप्ती नदी में 2 लाख मत्स्य बीज का संचय*
*सदर विधायक पलटू राम व चेयरमैन धीरेंद्र प्रताप सिंह “धीरू” की उपस्थिति में हुआ रिवर रैंचिंग कार्यक्रम*
विश्वजीत तिवारी बलरामपुर
बलरामपुर, 07 नवम्बर 2025।
प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय मात्स्यिकीय विकास बोर्ड, हैदराबाद के तत्वावधान में जनपद बलरामपुर के सिसई घाट, राप्ती नदी पर रिवर रैंचिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक श्री पलटू राम तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद बलरामपुर के चेयरमैन श्री धीरेंद्र प्रताप सिंह “धीरू” उपस्थित रहे। इस अवसर पर राप्ती नदी में 2.00 लाख मत्स्य बीज का संचय किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सहायक निदेशक मत्स्य, बलरामपुर श्री दीपान्सू ने बताया कि नदियों में मत्स्य सम्पदा को बनाए रखने तथा जलीय पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण के उद्देश्य से रिवर रैंचिंग कार्यक्रम राष्ट्रीय मात्स्यिकीय विकास बोर्ड के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पहल से न केवल जल की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि मछलियों की विभिन्न प्रजातियों का संरक्षण और संवर्धन भी सुनिश्चित होगा।
श्री दीपान्सू ने बताया कि वर्तमान समय में नदी प्रदूषण, मानवीय हस्तक्षेप एवं अन्य कारणों से मछलियों की प्रजातियाँ घट रही हैं, जिससे जल जीवों की प्रजनन क्षमता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। यह स्थिति जलीय पारिस्थितिकी तंत्र तथा मानव जीवन दोनों के लिए हानिकारक है।
उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान हेतु भारत सरकार द्वारा रिवर रैंचिंग कार्यक्रम प्रारम्भ किया गया है। इसके अन्तर्गत उत्तर प्रदेश की प्रमुख नदियाँ — गंगा, यमुना, राप्ती, घाघरा, गंडक, बेतवा आदि में मछलियों की प्रजनक संख्या बढ़ाने के लिए उत्तर प्रदेश मत्स्य विकास निगम की हैचरियों से तैयार मत्स्य बीजों का संचय किया जा रहा है।
कार्यक्रम के समापन पर सहायक निदेशक मत्स्य श्री दीपान्सू ने मुख्य अतिथि विधायक श्री पलटू राम एवं विशिष्ट अतिथि चेयरमैन श्री धीरेंद्र प्रताप सिंह “धीरू” का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर मत्स्य निरीक्षक रमन चौधरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे


