*एमएलके कॉलेज बलरामपुर में स्काउट गाइड स्थापना दिवसः रोवर्स/रेंजर्स विंग ने भारत स्काउट गाइड का स्थापना दिवस मनाया।*
विश्वजीत तिवारी बलरामपुर
एमएलके पीजी कॉलेज बलरामपुर के वाणिज्य संकाय प्रांगण में भारत स्काउट/गाइड के रोवर्स / रेंजर्स विंग द्वारा भारत स्काउट गाइड का स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रोफेसर जनार्दन प्रसाद पाण्डेय ने की, जिसमें मुख्य नियंता प्रोफेसर वीना सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रोफेसर जे. पी. पाण्डेय और प्रोफेसर वीना सिंह ने लॉर्ड बेडेन पावेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद रोवर्स/रेंजर्स ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
रोवर्स प्रभारी डॉ. एस. के. त्रिपाठी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि भारत स्काउट गाइड का स्थापना दिवस 7 नवंबर, 1950 को मनाया जाता है। यह तिथि भारत में बॉय स्काउट्स एसोसिएशन और हिंदुस्तान स्काउट एसोसिएशन के विलय के बाद भारत स्काउट्स और गाइड्स के गठन की याद दिलाती है। लगभग एक वर्ष बाद, 15 अगस्त, 1951 को ऑल इंडिया गर्ल गाइड्स एसोसिएशन को भी इस संगठन में शामिल कर लिया गया था।
प्राचार्य प्रोफेसर जे.पी. पाण्डेय ने जानकारी दी कि भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के प्रथम राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. हृदयनाथ कुंजरू थे। वे सेवा समिति स्काउट एसोसिएशन के मुख्य आयुक्त भी थे, जो भारत में स्काउटिंग के लिए एक महत्वपूर्ण संगठन था। उन्होंने कहा कि स्काउट गाइड बच्चों में अनुशासन और सेवा भावना विकसित करते हैं, जिससे वे समाज के विभिन्न वर्गों की सहायता करते हैं और आत्मनिर्भरता के गुण सीखते हैं।
विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर वीना सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में स्काउट गाइड का महत्वपूर्ण योगदान होता है। ये सदस्य विषम परिस्थितियों में रहना सीखते हैं और आपातकालीन स्थितियों में समाज को सहायता प्रदान करते हैं। ऐसे संगठन देश की आंतरिक और सामाजिक सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रेंजर्स प्रभारी एवं जिला आयुक्त डॉ. वंदना सिंह ने उपस्थित सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अंग्रेजी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अभय नाथ ठाकुर, बीबीए विभाग से असिस्टेंट प्रोफेसर श्री सिद्धार्थ मोहता, श्री प्रेम शंकर, श्री मंसाराम सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


